बुंदेलखंड के दो दिन के दौरे पर मंगलवार (नौ मार्च) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 9.50 बजे जालौन पहुंचेंगे, जबकि बुधवार (दस मार्च) को चित्रकूटधाम मंडल के बांदा, चित्रकूट और महोबा का दौरा करेंगे। जालौन में सीएम कुठौंद क्षेत्र में निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे।
बांदा में सीएम करीब पांच घंटे तक रहेंगे। बांदा में ही मंडल के विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास करेंगे, जबकि मंडल स्तरीय चारों जिलों के विकास कार्यों की समीक्षा संग कानून व्यवस्था की जानकारी लेंगे। यहां बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का भी मुआयना करेंगे।
साथ ही जीजीआईसी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। चित्रकूटधाम मंडल मुख्यालय बांदा में मुख्यमंत्री बुधवार को 4 घंटा 50 मिनट रहेंगे। उनका हेलीकाप्टर चित्रकूट के रसिन बांध (चित्रकूट) से सुबह 11.30 बजे बांदा के लिए उड़ान भरेगा और 11.55 बजे पुलिस लाइन में बनाए गए हैलीपैड पर उतरेगा।