चार दिन बाद बांदा आ रहे सीएम की तैयारियों ने अफसरों की होली का मजा किरकिरा कर दिया। शनिवार को जहां हर जगह होली का जश्न शबाब पर था, वहीं यहां डीएम की अध्यक्षता में अफसर कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम की तैयारियों पर मंथन में जुटे रहे।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम सुरेश कुमार ने 12 मार्च को राजकीय मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिस विभाग को जो काम सौंपा जा रहा है उसे पूरी जिम्मेदारी से पूरा करें।
डीएम ने कहा कि सीएम के कार्यक्रम की तैयारियों में किसी भी तरह की समस्याएं आएं तो उन्हें अवगत कराएं। हेलीपैड, टेंट, लाइट, आने-जाने का मार्ग, चाय-नाश्ता, पेयजल आदि के लिए पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग, आपूर्ति विभाग, साज-सज्जा के लिए उद्यान विभाग को जरूरी निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसपी से विचार-विमर्श किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डीएस पांडेय, सभी उप जिलाधिकारी समेत संबंधित सभी विभागों के अफसर मौजूद रहे।