बांदा। दुकान से बैंक गया कपड़ा दुकानदार सर्वर न आने की वजह से घर आ गया। यहां जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आए। हालत गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
गिरवां थाना क्षेत्र के बनसखा गांव निवासी तरुण कुमार उर्फ नवल (30) की खुरहंड रेलवे स्टेशन के पास कपड़े की दुकान है। वह भाई लवकुश के साथ दुकान पर बैठता था। मंगलवार की दोपहर भाई से बताकर बैंक आया था। यहां सर्वर खराब होने पर वह घर चला गया। घर में उसने जहर खा लिया। घटना के संबंध में पिता रामदयाल ने बताया कि घर में पत्नी सपना है।
साढ़े चार साल का बेटा भी है। तरुण ने किस बात से क्षुब्ध या नाराज होकर जहर खाया, यह नहीं मालूम। वह तीन भाइयों में मझला था। घटना के संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष हरिशरण सिंंह ने बताया कि परिजन कारण नहीं बता पा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।