बांदा। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) सर्वेश कुमार ने गांवों में चलाए जा रहे सफाई अभियान में लापरवाही बरतने पर पांच सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया। बारह सफाईकर्मियों का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं।
डीपीआरओ ने बताया कि मंडलायुक्त व डीएम के निर्देश पर कोविड-19 के बचाव के लिए ग्राम पंचायतों में वृहद सफाई, सैनिटाइजेशन, फागिंग आदि के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। हाल ही में एसडीएम पैलानी ने तिंदवारी ब्लाक की ग्राम पंचायत पिपरहरी, पैलानी, अमलोर का निरीक्षण किया तो सफाईकर्मी अशोक कुमार, कमलेश कुमार, प्रेमशंकर अनुपस्थित मिले। इसी प्रकार सेक्टर मजिस्ट्रेट व ग्राम पंचायत अधिकारी के निरीक्षण में बड़ोखर खुर्द ब्लाक के ग्राम पंचायत जौरही में सफाई कर्मी अरुणा देवी, सैमरी में विजय मजुवांक गैरहाजिर मिले। अफसरों की संस्तुति पर अनुपस्थित सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
डीपीआरओ सर्वेश कुमार, एडीपीआरओ रमेशचंद्र गुप्ता समेत अन्य अफसरों के निरीक्षण में बड़ोखर ब्लाक के ग्राम पंचायत जौरही में सफाईकर्मी परशुराम, बिलबई में मकसूद हुसैन, हथौरा में गुडिय़ा, महोखर में ब्रजेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार व बबेरू ब्लाक के ग्राम पंचायत बड़ागांव में प्रेमचंद्र, पड़नी में राजाभइया, सांड़ा में श्रवण कुमार, भदवारी में रामबहोरी, अलिहा में शिवमोहन, जमवारा में दिनेश कुमार अनुपस्थित मिले। डीपीआरओ ने सभी कर्मियों का अग्रिम आदेशों तक के लिए वेतन रोक दिया। डीपीआरओ ने चेतावनी दी कि जिले में कोविड जैसी महामारी के बचाव के लिए सफाई, सैनिटाइजेशन, फागिंग जरूरी है। वह नियमित रूप से कार्य क्षेत्र में रहकर सफाई कार्य को अंजाम दें। चेतावनी दी कि लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।