बांदा। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत जसपुरा ब्लाक के बहुंडरी गांव में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने अपनी मनपसंद के आयरन से बने व्यंजनों की रेसेपी लिखी। इसका आयोजन स्मार्ट शेफ प्रतियोगिता के तहत किया गया था। पांच बच्चों ने रोचक व्यंजनों की रेसेपी लिखकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
स्कूल की प्रभारी प्रधानाचार्य मोहिनी ने बताया कि आयरनयुक्त खाद्य पदार्थ जैसे पालक, भथुवा, गुड़, काबुली चना आदि विषय पर रेसेपी लिखने के तरीके बताए गए। बच्चों खासकर बालिकाओं ने मेथी और भथुवा के पराठे, चने का साग, काबुली चने की सब्जी आदि की रेसेपी लिखी। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत यह आयोजन किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक गर्भ से लेकर 19 वर्ष तक के किशोर-किशोरियों में एनीमिया (खून की कमी) से बचाव के लिए पिछले माह से स्कूलों में जागरुकता अभियान चल रहा है। रोचक प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को इससे बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। सभी ब्लाकों के प्राइमरी स्कूलों में स्मार्ट शेफ प्रतियोगिताएं हो रही हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के डीआईईसी मैनेजर वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि खून की कमी से बचने के लिए आयरनयुक्त खाद्य पदार्थों का सेवन बढ़ाना चाहिए। गुड़, चना, पालक, भथुवा, सहजन, मूंगफली, मेवा, फल, गाजर, चुकंदर आदि को भोजन में शामिल करना चाहिए।