अतर्रा में मिड डे मील खाने से दर्जनभर से ज्यादा बच्चे बीमार हो गए। दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
तरसूमा गांव के मजरा महम्दा पुरवा स्थित प्राइमरी एवं जूनियर हाईस्कूल में शनिवार को मिड डे मील में कढ़ी चावल बना था। इसे खाने के बाद प्राइमरी स्कूल के दर्जनभर से ज्यादा बच्चे बीमार हो गए। बच्चों को चक्कर आने के साथ उल्टी होने लगी।
यह देख स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। इस पर बाकी बचा मिड डे मील तुरंत फेकवा दिया गया। बीमार होने वाले बच्चों में विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष संतोष यादव का बेटा अभिषेक कुमार, चौथी कक्षा का छात्र मोहित, पंकज, शुभम, विचित्र, रानी और पांचवीं कक्षा का सुशील कुमार, अमृता, अंकिता, प्रीति आदि शामिल रहे।
सूचना पर तमाम अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्रभारी प्रधानाध्यापक पर आक्रोश जताया। प्रबंध समिति अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने तत्काल एबीएसए को फोन पर घटना की सूचना दी। बच्चों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अभिषेक और सुशील नामक बच्चे की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें इलाहाबाद भेज दिया गया।
जबकि अन्य बच्चों का बदौसा और बघेलाबारी स्थित पीएचसी में इलाज हुआ। ग्राम प्रधान रामसुहावन ने बताया कि बेसन खराब होने से बच्चों के बीमार होने की बात सामने आई है। प्रधानाचार्य भुवनेंद्र कुमार ने बताया कि कुछ बूच्चों के बीमार होते ही अन्य बच्चों को मिड डे मील नहीं दिया गया। दर्जभर से ज्यादा बच्चे बीमार हो गए थे। अब उनकी तबीयत ठीक बताई जा रही है।