बड़ोखर में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करते चिकित्सक।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ोखर बुजुर्ग। आयुर्वेद चिकित्सकों ने यहां शिविर में स्कूली छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। छात्र-छात्राओं में आंख, पेट और संक्रामक बीमारियां मिलीं। कुल 52 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ।
यहां प्राथमिक विद्यालय भाग-2 में शुक्रवार को पीएचसी पतौरा और अनथुवा के चिकित्सा प्रभारियों ने स्वास्थ्य जांच कैंप लगाया। छात्र-छात्राओं की लंबाई, वजन, आंखों की रोशनी, नाक-कान व गले का परीक्षण किया। इसमें करीब दर्जन भर छात्र-छात्राओं में कई छिटपुट बीमारियां मिलीं। डाक्टरों ने उन्हें पीएचसी में दिखाने को कहा। डाक्टरों का कहना था कि शासन स्तर से एक वाहन और परीक्षण सामग्री उन्हें मुहैया कराने के निर्देश है। लेकिन कोई सुविधा नहीं दी गई।
न वाहन मिला और न ही कोई परीक्षण सामग्री। शिविर में प्रधानाध्यापक नीता खरे, शशी गुप्ता आदि मौजूद रहे। उधर, जौरही पीएचसी के डा.ओपी यादव, डा.सरोज कुमारी, फीजियो एमडी शरीफ, स्टाफ नर्स मदन सिंह ने पड़ुई गांव में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चौथी कक्षा की छात्रा निशा की जीभ जुड़ी हुई मिली। एक अन्य छात्रा को कान का रोग पाया गया। बच्चों को दवाएं दी गईं। प्रधानाध्यापक रमेशचंद्र सिंह, सहायक अध्यापक महिपाल सिंह, कीर्ति वाजपेयी और अनीता उपस्थित रहे।