चेकिंग दल ने ट्रेनों में छापा मारकर बिना टिकट समेत विभिन्न मामलों में 64 यात्रियों को पकड़ते हुए 32,225 रुपये जुर्माना वसूला। जुर्माना न अदा करने वाले 5 को जेल भेज दिया गया।
प्रभारी मुख्य टिकट निरीक्षक मार्शल नाग के नेतृत्व में सोमवार को बांदा-कानपुर और बांदा-झांसी रेल मार्ग पर विशेष अभियान चलाया गया। सुपर फास्ट, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में छापेमारी करते हुए 64 को दबोच लिया। बिना टिकट पकड़े गए 19 यात्रियों ने ट्रेन में ही 6,225 रुपये जुर्माना अदा कर देने पर उन्हें रिहा कर दिया गया।
गैर कानूनी ढंग से यात्रा कर रहे 22 यात्रियों से 10,760 रुपये का जुर्माना वसूला गया। ट्रेन के अंदर गंदगी फैलाने, ध्रूमपान और बिना बुक कराए भारी सामान ले जाने के आरोप में 9 यात्रियों से 1700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जुर्माना न अदा न करने वाले 14 यात्रियों को यहां रेलवे मजिस्ट्रेट ज्ञानप्रकाश शुक्ला की अदालत में पेश किया।
9 यात्रियों ने 6,510 रुपये जुर्माना अदा कर रिहाई पाई। जुर्माना न अदा करने पर 5 को मंडल कारागार भेज दिया गया। टीम में सहायक मुख्य टिकट निरीक्षक तारिक हुसैन, आरके दुबे, आरके वाजपेयी, एके मंडल, फिरोज अहमद, मृत्युंजय द्विवेदी, नरेंद्र कचेर समेत आरपीएफ और जीआरपी जवान शामिल रहे। गौरतलब है कि 48 घंटे के अंदर मंडल स्तरीय चेकिंग दल ने कार्रवाई की है। इसके पूर्व 5 जनवरी को मंडलीय टीम ने अभियान चलाकर 142 यात्रियों की धरपकड़ करते हुए 57 हजार रुपये जुर्माना वसूला था।