करतल। रविवार रात हुई बारिश के बाद करतल-डिवाई माइनर कट गई। इससे कुशवाहा पुरवा के पास बनी सीमेंट कंक्रीट सड़क ध्वस्त हो गई। सड़क टूटने से कई गांवों और मजरों का आवागमन प्रभावित हुआ है।
ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नहर की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। यह माइनर सिंचाई विभाग प्रखंड तृतीय के अंतर्गत भांवर पुरवा हेड से निकली है। ग्रामीणों के अनुसार रात की बारिश से कुशवाहा पुरवा के पास माइनर का किनारा टूट गया। इससे पानी के बहाव में गांव की ओर जाने वाली सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई।
देवीदीन कुशवाहा समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क वर्ष 2025-26 में 15वें वित्त के तहत बनी थी। सिंचाई विभाग प्रखंड तृतीय के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि तेज बारिश के कारण माइनर नहर टूटी है। मरम्मत के लिए अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार को मौके पर भेजा गया है। जेसीबी मशीन से पटरी की मरम्मत कर पानी का बहाव नियंत्रित किया जा रहा है।