सीबीसीआईडी ने मुख्य डाकघर घोटाले की जांच से इनकार कर दिया। अब पुलिस ही जांच करेगी। घोटाले में मुख्य आरोपी डाक सहायक की मदद करने वाले 20 अन्य कर्मचारियों के भी नाम सामने आए हैं। इनसे पुलिस व विभागीय जांच टीम अलग-अलग पूछताछ कर रही है।
मुख्य डाकघर में कुछ कर्मचारियों ने फर्जी बचत खाते खोलकर डाकघर के लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की इन खातों में इंट्री कर ली। इसी वर्ष जुलाई माह में विभाग के ही किसी कर्मी द्वारा की गई शिकायत पर हुई जांच में इसका खुलासा हुआ। डाक अधीक्षक ने विभाग के ही डाक सहायक रविरंजन और आधा दर्जन अज्ञात कर्मियों के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। 17 अगस्त को आरोपी डाक सहायक ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। तब से वह जेल में है। मामले की जांच विभागीय स्तर पर सहायक डाक अधीक्षक हमीरपुर पीपी सिंह की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति कर रही है। समिति के सदस्य राजेश तिवारी (निरीक्षक डाकघर, कर्वी) ने बताया कि प्रथम स्तर की जांच पूरी हो गई है। आरोपी की मदद करने वालों में 20 कर्मचारियों के नाम सामने आए हैं। इन सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है।
घोटाले की रकम अधिक होने व पुलिस विवेचना ढीली होने पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सितंबर माह में पत्र भेजकर सीबीसीआईडी से जांच किए जाने का अनुरोध किया था। दो दिन पूर्व सीबीसीआईडी मुख्यालय से यहां डाक अधीक्षक को मिले पत्र में जांच से इनकार कर दिया गया है। कहा है कि जब तक पुलिस की जांच प्रचलित है तब तक वह जांच नहीं करेंगे।
रविरंजन से होगी 99 लाख की वसूली
बांदा। डाक अधीक्षक जाहर सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर घोटाले के मुख्य आरोपी डाक सहायक रविरंजन से 99 लाख 74 हजार 300 रुपये की वसूली राजस्व विभाग से कराए जाने का अनुरोध किया है। बताया कि घोटाले की रकम एक करोड़ 62 लाख 97 हजार 400 रुपये है। आरोपी रविरंजन से 63 लाख 24 हजार 100 रुपये सितंबर माह में जमा कराए जा चुके हैं।
खुद और पत्नी व बेटे के नाम खोले फर्जी खाते
आरोपी डाक सहायक रविरंजन ने पत्नी, बेटे और अपने नाम से तीन खाते खोले। छह माह के अंदर इन खातों में अलग-अलग समय में कई-कई लाख जमा होने की इंट्री कर पैसा निकालता रहा। इंट्री और कुल निकाली गई रकम एक करोड़ 63 लाख है। यह सब खेल कंप्यूटर में चलता रहा। डाकघर के अधिकारी इसे पकड़ नहीं पाए। भंडा तब फूटा जब अपने ही समकक्ष कर्मचारी (डाक सहायक) के क ंप्यूटर पर भी यह खेल शुरू कर दिया। तब उस डाक सहायक ने शिकायत कर दी।