बांदा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर रेलिंग से टकराने के बाद पांच बार पलटी। हादसे में कार चला रहे बेंगलुरु निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, चचेरी बहन और बहनोई घायल हो गए। हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची सुरक्षित बच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के चाहितारा गांव के पास एक्सप्रेसवे के किमी 59.9 पर सुबह करीब छह बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को नींद का झोंका आना बताया गया है।
हैदराबाद निवासी राहुल (32) ने बताया कि वह पत्नी लता (28), दो वर्षीय बेटी कृषु, बेंगलुरु निवासी चचेरे साले दिनेश बिरादर (35) और उनकी पत्नी अंजली (28) के साथ निजी कार से तीर्थयात्रा पर निकले थे। सभी पहले बागेश्वर धाम गए और इसके बाद अयोध्या पहुंचे। यहां के बाद वाराणसी गए और सोमवार रात यहां से उज्जैन के लिए रवाना हुए थे।
हादसे में कार चला रहे दिनेश बिरादर कार से बाहर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहुल, लता और अंजली घायल हो गए, जबकि दो वर्षीय कृषु को खरोंच तक नहीं आई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और यूपीडा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
परिजन ने बताया कि दिनेश फर्नीचर कारोबारी थे। वह दो बहनों के इकलौते भाई थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। देहात कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक को नींद का झोंका आना प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दो महिलाओं के बीच होने से मासूम की बच गई जान
बांदा। हादसे के समय दो वर्षीय कृषु कार की पिछली सीट पर मां लता और अंजली के बीच लेटी हुई थी। कार के कई बार पलटने के बावजूद उसे कोई चोट नहीं आई। लता ने बताया कि तेज धमाके के बाद उन्हें कुछ समझ नहीं आया। जब होश आया तो बेटी पूरी तरह सुरक्षित थी। इसे देखकर परिवार ने राहत की सांस ली। (संवाद)
100 के आसपास थी रफ्तार, खुल गए थे एयरबैग
बांदा। जिस वक्त हादसा हुआ उस समय कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा होना बताया जा रहा है। वाराणसी से उज्जैन जाने के लिए सोमवार रात निकले थे। करीब 300 किमी का ही सफर तय कर पाए और हादसा हो गया। हादसे के बाद एयरबैग खुलने से कार सवार अन्य लोगों को जान बच गई। अगर दिनेश कार के बाहर न गिरते तो उनकी भी जान बच जाती। (संवाद)
फोटो-15- मृतक दिनेश बिरादर। फाइल फोटो।
फोटो-15- मृतक दिनेश बिरादर। फाइल फोटो।
फोटो-15- मृतक दिनेश बिरादर। फाइल फोटो।