Car collides with tree, driver dies
- फोटो : BANDA
बांदा। नेशनल हाईवे पर बाइक को बचाने में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। कार चालक की मौत हो गई। बगल की सीट पर बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों लोग सीट बेल्ट नहीं लगाए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के बड़ोखर खुर्द गांव के बेनी पुरवा निवासी ओम प्रकाश कुशवाहा (42) सोमवार को सुबह कार में गांव जा रहे थे। साथ में जरैली कोठी निवासी दीपक (24) भी थे। बांदा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में बड़ोखर खुर्द गांव के पास मोड़ पर सामने से आ रही बाइक को बचाने में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। ओम प्रकाश और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। नजदीक स्थित ढाबा कर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां ओम प्रकाश को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दीपक का इलाज चल रहा है।
चार दिन पहले पकड़ी थी नई गाड़ी
ओम प्रकाश ड्राइवर थे। उनके दो पुत्र और दो पुत्री हैं। पति की मौत से पत्नी रामकली बेसुध हैं। बेटे राहुल ने बताया कि चार दिन पहले दूसरी प्राइवेट कार चलाना शुरू की थी।
घायल जरौली का है रहने वाला
घायल दीपक ने बताया कि वह मूलरूप से शहर के जरैली कोठी का रहने वाला है। तीन साल से बेनी पुरवा स्थित अपनी ननिहाल में रह रहा है। इसीलिए वह भी कार पर सवार होकर ननिहाल जा रहा था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार कब्जे में ले ली है।