जीआईसी बांदा में प्रतिभा खोज प्रतियोगिता देते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। प्रतिभा खोज व राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में कठिन सवालों ने प्रतिभाओं के पसीने छुड़ाए। आठवीं व 10वीं के छात्रों से परीक्षा में इंटर स्तर तक के सवाल पूछे गए। तीन घंटे की परीक्षा में 200 वैकल्पिक प्रश्न पूछे गए। एक मिनट से भी कम समय में एक सवाल करने पड़े।
राजकीय इंटर कॉलेज, बांदा में रविवार को सुबह केंद्र व्यवस्थापक राजकुमार सिंह की देखरेख में सुबह 8 से 11 बजे तक परीक्षा हुई। 32 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 2 गैरहाजिर रहे। जबकि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में 47 में 5 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा खत्म होने के बाद मंडल के चारों जिलों की उत्तर पुस्तिकाएं डीआईओएस कार्यालय में सुरक्षित रखवाई गई हैं। इन्हें जांच के लिए सोमवार को विभिन्न केंद्रों पर भेजा जाएगा।
उधर, राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में हाईस्कूल स्तर के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। इसमें 200 वैकल्पिक प्रश्न 180 मिनट में करने थे। छात्र अनुज (तिंदवारी) ने बताया कि परीक्षा में कई सवाल इंटर स्तर तक के रहे। वहीं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में 8वीं स्तर के बच्चों से कई प्रश्न हाईस्कूल स्तर के पूछे गए। डिंगवाही इंटर कॉलेज में आठवीं के छात्र अभिषेक राजपूत ने बताया कि सामान्य ज्ञान और मैथ के कठिन सवालों ने परेशान किया।