बांदा। मंडी समिति में गल्ला व्यापार 26 अप्रैल से बंदी 3 मई तक बंद रहेगा। इससे तकरीबन ढाई से तीन करोड़ का रोजाना का व्यापार प्रभावित होगा। इसके अलावा मंडी को मिलने वाले प्रतिदिन 40 से 50 लाख रुपये राजस्व का नुकसान होगा।
कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को लेकर गल्ला व्यापार मंडल ने यह निर्णय लिया है। बृहस्पतिवार को गल्ला व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें सभी व्यापारियों ने आपसी सहमति से बंदी का निर्णय लिया है। अध्यक्ष ने कहा कि मंडी में इन दिनों प्रतिदिन 5000 क्विंटल माल की आवक हो रही है। किसान भी आ रहे हैं। व्यापार बेहतर स्थिति में है, पर कोविड महामारी से भी खुद को बचाना है। उन्होंने बंदी की सूचना मंडी प्रशासन को दी है। बैठक में महामंत्री राजकुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुरेश साहू, अशोक गुप्ता राजू, फूल सिंह, जयप्रकाश, भोला, पप्पू सिंह, संतोष गुप्ता, दिलीप तिवारी, रमाकांत गुप्ता, राकेश गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, साजन, रामबाबू लोखरिया आदि मौजूद रहे।