बांदा। प्रतिभा को परख और मेधा को सम्मान संदेश के साथ कालीचरन निगम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बुंदेलखंड प्रतिभा सम्मान-2016 आयोजित करेगा। बुंदेलखंड के 10 जनपदों के 19 केंद्रों में परीक्षा होगी। मेगा फाइनल केसीएनआईटी में होगा।
मंगलवार को इंजीनियरिंग कालेज परिसर में हुई प्रेस कांफ्रेंस में निदेशक प्रो. आशीष आर पनत ने बताया कि उक्त सम्मान समारोह पांचवीं बार होगा। 12वीं कक्षा के गणित वर्ग में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। सम्मान समारोह का आयोजन बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट, पन्ना, महोबा, छतरपुर, हमीरपुर, जालौन, झांसी, फतेहपुर व ललितपुर में किया जाएगा।
पहले चरण में 20 दिसंबर (रविवार) को दोपहर 12 बजे बुंदेलखंड के 19 केंद्रों में लिखित परीक्षा होगी। संस्थान मैनेजर-स्टूडेंट वेलफेयर श्यामजी निगम ने बताया कि परीक्षा में भौतिक व रसायन विज्ञान, गणित और सामान्य अध्ययन पर आधारित प्रश्न शामिल होंगे। प्राप्तांकों के आधार पर प्रत्येक विद्यालय से दो मेधावियों का चयन करके एक टीम बनाई जाएगी।
श्री निगम ने जानकारी दी कि अब तक 6855 आवेदन प्राप्त हुए। 18 दिसंबर आवेदन करने की अंतिम तिथि है। मेगा फाइनल केसीएनआईटी परिसर में होगा। इसमें क्विज प्रतियोगिता के जरिये किसी एक जनपद की टीम विजेता बनेगी। उसी टीम को बुंदेलखंड प्रतिभा सम्मान-शिक्षा से नवाजा जाएगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के हेमंत सिंह व जितेंद्र राज सिंह ने इस सम्मान की सराहना करते हुए मेधावी छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने को कहा।