प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पांच साल में हमारी सरकार ने बिजली, सड़क, शौचालय और पक्के मकान देने का काम किया। अब फिर सरकार बनी तो बुंदेलखंड की नदियों को नई धारा देने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। जलशक्ति मंत्रालय का गठन किया जाएगा। इसके अलावा छोटे किसानों, दुकानदारों और कामगारों के लिए पेंशन योजना बनाई जाएगी।
गुरुवार को बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मैदान में बांदा-चित्रकूट, हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी और फतेहपुर के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बुंदेलखंड में खेती के साथ औद्योगिक विकास के भी प्रयास किए जा रहे हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से यहां का भाग्य बदलने वाला है।
डिफेंस कॉरिडोर से बुंदेलखंड के युवाओं को भी रोजगार मिलेगा। जलशक्ति मंत्रालय बनाकर जरूरतमंद क्षेत्रों को पानी दिया जाएगा। 9 हजार करोड़ की पाइप लाइन योजना पूरी होने पर बुंदेलखंड के हर जिले को पानी मिलेगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से देश के 12 करोड़ और यूपी में एक करोड़ किसानों के खाते में पहली किस्त पहुंच चुकी है। जिनके खाते में यह निधि नहीं पहुंची है, वे मोदी पर भरोसा करें, पहुंच जाएगी। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि ये पैसे किसानों को कभी लौटाने नहीं पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि सपा और बसपा जाति आधारित पार्टियां हैं। कांग्रेस के नामदार मोदी के बहाने पूरे पिछड़े समाज को गाली देने में लगे हैं। कहा कि इनकी राजनीति जात-पात, संप्रदाय से आगे नहीं सोचती और न ही एक भारत की बात इनके पल्ले पड़ती है।