बांदा। इर्दगिर्द के इलाकों में टिड्डी दल के धावा बोलने की मिल रही खबरों से पूरे बुंदेलखंड में किसान और बागवान चिंतित और सहमे हैं। उधर, प्रशासन और कृषि विभाग ने अलर्ट जारी करने के साथ तैयारियां की हैं। चित्रकूटधाम मंडल में सभी डीएम स्थिति पर लगातार नजर रखे हैं। यूपी और एमपी में फैले बुंदेलखंड के अधिकारी आपस में समन्वय बनाए हुए हैं। साथ ही इसके लिए एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। फिलहाल मंडल के किसी जनपद में टिड्डी दल ने धावा नहीं बोला है।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि मंडल के सभी जिलाधिकारियों को पहले ही अलर्ट जारी किया जा चुका है। वह अपने जिलों में लगातार नजर बनाए हैं। गठित टीमें तैयार हैं। आयुक्त ने बताया कि बुंदेलखंड के सभी जिलाधिकारी आपस में एक-दूसरे से व्हाट्सएप ग्रुप (लोकस्ट मूवमेंट ट्रैकिंग) के जरिए जुड़े हैं। इनमें सीमावर्ती मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड के डीएम भी शामिल हैं। टिड्डी दल की सूचना पर डीएम इस ग्रुप के जरिये तत्काल एक-दूसरे को देंगे।
उधर, बांदा के जिला कृषि अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि टिड्डी दल संकट से निपटने के लिए 7 विभाग लगाए गए हैं। इनमें कृषि, फायर ब्रिगेड, कृषि विश्वविद्यालय, नगर विकास, ग्राम पंचायत, उद्यान और राजस्व विभाग शामिल हैं। यह सभी आपसी समन्वय से संकट से निपटेंगे।
उन्होंने कहा कि टिड्डी दल के आक्रमण की स्थिति में टैंकरों से उन पर दवाओं के छिड़काव की व्यवस्था की गई है। पर्याप्त मात्रा में दवा का स्टॉक है। किसानों को बता दिया गया है कि टिड्डी दल के आने पर तत्काल खेतों में खड़े होकर थाली, कनस्टर आदि जो भी उपलब्ध हो उसे पीटकर शोर मचाएं। आतिशबाजी हो तो उसे दागें।