बांदा। बुंदेलखंड विकास बोर्ड उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने कहा कि बुंदेलखंड से 67 फीसदी लोग पलायन कर रहे हैं। पलायन रोकने के लिए सरकार योजनाएं लागू कर रही है। विख्यात पर्यटक स्थल खजुराहो मार्ग में रेस्टोरेंट के लिए मुख्यमंत्री से सहमति बन गई है।
बुंदेला शुक्रवार को बांदा में थे। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें पूरी कोशिश में हैं कि बुंदेलखंड से पलायन रुके। यहां मनोरंजन सेंटर खोलने के भी प्रयास हैं, ताकि कलाकारों को मंच मिले। युवाओं के लिए खेलकूद की व्यवस्था हो। फुटपाथ पर घूमने वाले बच्चों को स्कूल मिले। उन्होंने बताया कि बांदा में दूध डेयरी का भी प्रस्ताव है। साथ ही फूड पार्क/फूड प्रोसेसिंग यूनिट की मांग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में पानी बचाना चुनौती है। इसके लिए मॉडल बनाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि महोबा में अर्जुन बांध से नहर निकाली जा रही है। बुंदेला ने महोबा और चित्रकूट में पानी का संकट गहराने की आशंका जताई। साथ ही कहा कि हर घर को नल से पानी की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। यह चुनाव के बाद पूरा हो जाएगा।
ग्रामीणों के बीच बैठे राजा बुंदेला
अतर्रा क्षेत्र के खम्हौरा गांव में पानी, जवानी, किसानी आयोजन में राजा बुंदेला भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने उनसे सीधे संवाद किया। बुंदेला मंच से उतरकर ग्रामीणों के बीच जा बैठे। कहा कि सीएम से मिलकर उन्हें गांव की समस्याएं बताएंगे। इनके निदान का प्रयास करेंगे। अन्ना पशु, पेंशन, राशन कार्ड, गरीब कन्याओं के विवाह आदि में सरकारी मदद का भरोसा दिलाया। विहिप, गोरक्षा दल, किसान मोर्चा, हिंदू युवा वाहिनी के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। इस मौके पर हिंदू युवा वाहिनी जिलाध्यक्ष राजेश गिरि, कुंवर जितेंद्र सिंह, अतर्रा नगर प्रभारी नरेंद्र सिंह, डा. दीपक सेंगर आदि मौजूद थे।