बांदा। ऐतिहासिक स्थल ओरछा में आयोजित पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय राम महोत्सव में रानी दुर्गावती समिति के तत्वाधान में आर्ट क्राफ्ट डांस स्टूडियो की बालिकाओं ने मुक्ताकाश मंच पर अनुपम प्रस्तुतियां दीं। विघ्नहर्ता गौरी नंदन गणेश वंदना, महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र, होली खेले मसाने में समेत बुंदेलखंड के प्रमुख लोक नृत्य नौरता, जवारा, दिल-दिल घोड़ी, बधाई, राई, चंगेलिया आदि ने महोत्सव को यादगार बना दिया।
सुप्रसिद्ध धारावाहिक चंद्रकांता में क्रूरसिंह का और रामायण सीरियल में रावण का अभिनय करने वाले अखिलेंद्र मिश्रा और मशहूर अभिनेता राजेंद्र गुप्ता ने एसीडी स्टूडियो के बाल कलाकारों और उनकी निर्देशक रश्मि गुप्ता निशा की सराहना की। दोनों अभिनेताओं ने कहा कि मुंबई नगरी में तो इतने बड़े-बड़े नृत्य परफॉर्मेंस होना आम बात है, लेकिन छोटी जगह में इतना टैलेंट बेहद खुशी और आश्चर्य की बात है।
बुंदेलखंड के लोक नृत्य को अखिलेंद्र मिश्रा ने खूब सराहा। कहा कि जो ‘कला को आकार दे’ वह असल मायने में सच्चा कलाकार होता है।
राम महोत्सव के आयोजक पूर्व अभिनेता और यूपी सांस्कृतिक बोर्ड उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा आर्ट क्राफ्ट डांस स्टूडियो के बच्चों को एक नृत्य विद्यालय बनवा कर देने की घोषणा की। इससे पहले भी ये बालिकाएं राजपथ दिल्ली, लखनऊ महोत्सव, खजुराहो फिल्म फेस्टिवल, कालिंजर महोत्सव, ओरछा महोत्सव, दिव्य पथ आदि बड़े मंचों पर अपनी कला का लोहा मनवा चुकी हैं।
निर्देशिका रश्मि गुप्ता ने बताया कि पिछले 23 वर्षों से वह नृत्य कला के क्षेत्र में काम कर रही हैं। उनकी बच्चियों की तारीफ़ कालिंजर महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी की थी।