बांदा। नरैनी तहसील के नौगवां गांव के सुखारी पुरवा के सड़क निर्माण में वन विभाग की भूमि आड़े आ रही है। बृहस्पतिवार को डीएम नगेंद्र प्रताप ने लोक निर्माण व वन विभाग के अधिकारियों की बैठक कर इस समस्या के निदान के निर्देश दिए।
लोकनिर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सड़क के बीच में पड़ रही वन विभाग की एक किलोमीटर भूमि अधिग्रहीत कर सड़क का निर्माण कराया जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि यह सड़क लगभग चार किलोमीटर है। इसके निर्माण के लिए 3.50 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। डीएम ने इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, डीएफओ अरविंद कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके सोनकर आदि मौजूद रहे। उधर, डीएफओ के निर्देश पर क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने सुखारी पुरवा में टीम के साथ जाकर मौके की जांच की।