बांदा/नरैनी। पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में सगी चाची द्वारा दिए गए ताने से आहत होकर भाई-बहन ने जहर खाकर जान दे दी। घटना नरैनी कोतवाली क्षेत्र के रामनगर अतर्रा रोड की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों को नरैनी सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं ताऊ को पांच सौ रुपये देने को लेकर भी कलह होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, प्रकाशचंद्र उर्फ मिठाई लाल के पुत्र आनंद प्रकाश उर्फ सोम गुप्ता (30) और पुत्री चंचल उर्फ सुभ्रता गुप्ता (34) सोमवार की दोपहर घर से निकले थे। करीब चार किमी दूर बागै नदी किनारे उन्होंने जहर खा लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां से जहर के पाउच और एक स्कूटी भी बरामद हुई।
मृतकों के पिता ने बताया कि उनके छोटे भाई रामदास उर्फ सुभाषचंद्र गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता से पैतृक मकान व दुकान को लेकर वर्ष 2015 से न्यायालय में मुकदमा चल रहा था। 19 जनवरी को न्यायालय ने सुधा गुप्ता के पक्ष में फैसला सुनाया था, जिसमें दुकान का किराया, मकान में हिस्सा और मासिक गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया गया था।
रविवार रात सुधा गुप्ता द्वारा अपना हिस्सा और दुकान का किराया मांगने पर आनंद और चंचल से उनका विवाद हो गया। विवाद के दौरान सुधा ने ताना मारते हुए कहा कि यदि हिस्सा या रुपये नहीं दे सकते तो जहर खाकर मर जाओ। इसी बात से क्षुब्ध होकर भाई-बहन ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
पोस्टमार्टम हाउस में पिता ने बताया कि हादसे के एक दिन पहले उन्होंने भाई को 500 रुपये दिए थे। जिस बात को लेकर घर में कलह हुई थी जिसके बाद ही भाई- बहन घर से निकल गए थे।
-
सगे-भाई बहन ने जहर खाकर खुदकुशी की है। दोनों के शव बागै नदी किनारे पड़े मिले थे। घटनास्थल से जहर के पाउच बरामद किए गए हैं। घटना के पीछे सगी चाची से संपत्ति का विवाद बताया जा रहा है। चाची से ही झगड़े की बात सामने आई है। घटना की जांच की जा रही है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
- सौरभ सिंह सीओ बबेरू, बांदा।
-
फोटो- 16 आनंद प्रकाश उर्फ सोम गुप्ता। फाइल फोटो
फोटो- 16 आनंद प्रकाश उर्फ सोम गुप्ता। फाइल फोटो
फोटो- 16 आनंद प्रकाश उर्फ सोम गुप्ता। फाइल फोटो