पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी सगा भाई व मामा।
- फोटो : स्रोत : पुलिस
बांदा। शादीशुदा व्यक्ति से प्रेम संबंध के विरोध में की गई युवती की हत्या में शामिल उसके सगे भाई व मामा को गिरफ्तार किया गया है। इसके पहले युवती की हत्या में शामिल मौसेरे भाई को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव में गड़रा नाला पुल के नीचे बजहापुरवा गांव निवासी आरती सिंह (20) का शव 18 दिसंबर को पुलिस ने बरामद किया था। अपराध इंस्पेक्टर शिवशंकर यादव ने युवती की हत्या में शामिल सगे भाई उदयभान सिंह व मामा भुजबल को शनिवार को बबेरू बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया है। सीओ बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतका आरती घटना से करीब 20 दिन पहले से अपने मामा कौशांबी निवासी भुजबल के यहां रह रही थी। आरती का एक शादीशुदा व्यक्ति से प्रेम संबंध था। वह उसी से शादी करना चाहती थी। 17 दिसंबर की शाम आरती का भाई उदयभान अपने मामा के घर कौशांबी पहुंचा था।
रात में उदयभान, मामा भुजबल व मौसेरा भाई शिवप्रताप सिंह उर्फ छोटू अपने साथ आरती को लेकर बजहापुरवा मरका आ रहे थे। रास्ते में उदयभान और मामा ने आरती से किसी और लड़के से शादी करने की बात की। जिस पर आरती नाराज हो गई और बोली कि जिसे वह चाहती है उसी से शादी करेगी। इस बात पर उदयभान, मामा व उसके मौसेरे भाई ने दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी। शव को गड़रा नाला पुल से नीचे फेंक दिया। हत्यारोपियों की निशानदेही पर आला कत्ल दुपट्टा भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी टीम में निरीक्षक अपराध शिवशंकर यादव, एसआई विजय बहादुर आदि शामिल रहे। घटना में शामिल मृतका के मौसेरे भाई शिवप्रताप सिंह उर्फ छोटू को 22 दिसंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।