बांदा। कानपुर-बांदा मार्ग पर ट्रेन हादसा टल गया। कपलिंग टूटने से मालगाड़ी दो भागों में बंट गई। मालगाड़ी के ट्रैक पर खड़ी होने से पीछे आ रही कानपुर पैसेंजर ट्रेन इचौली आउटर पर लगभग दो घंटा तक खड़ी रही। पैसेंजर में बैठे यात्री भूख-प्यास से तड़प उठे। कड़ी मशक्कत के बाद कानपुर-बांदा मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
रविवार की रात कानपुर से बांदा आ रही मालगाड़ी की कपलिंग इचौली और खैराडा आउटर के पास टूट गई। मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट कर रेलवे ट्रैक पर सरपट दौड़ती रही। लोको पायलट आधी मालगाड़ी लेकर काफी दूर तक निकल आया। तकनीकी कमी पता चलते ही उसने ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोक दी। वाकीटाकी के जरिए घटना की सूचना यहां स्थानीय रेलवे अधिकारियों को दी। मालगाड़ी के पीछे आ रही कानपुर-बांदा पैसेंजर ट्रेन को भी इचौली आउटर पर रोक दिया गया।
लगभग दो घंटे तक कानपुर-बांदा रेल मार्ग पर आवागमन ठप रहा। दो मालगाडिय़ों को बांदा स्टेशन पर खड़े रखा गया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टूटी मालगाड़ी की कपलिंग दुरुस्त करने के बाद रेल मार्ग बहाल हुआ। उधर, स्टेशन प्रबंधक बीपी वर्मा ने मालगाड़ी की कपलिंग टूटने की पुष्टि करते हुए कहा कि बांदा-कानपुर रेल मार्ग लगभग डेढ़ घंटा तक बाधित रहा।
=======================
आग लगाकर ससुराल में जान दी
बांदा। कमासिन थाना क्षेत्र के बीरा गांव निवासी रानी (22) पत्नी बिंदा ने रविवार को शाम ससुराल में आग लगाकर जान दे दी। पड़ोसियों ने जब तक आग बुझाई उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद युवती ने आग लगाई। उधर, मृतका के पिता धर्मराज (ओरा) ने आरोप लगाया कि ढाई साल पहले पुत्री की शादी की थी। दहेज की मांग पूरी न होने पर जलाकर मार डाला।