बांदा। खेत में बने तालाब में पैर धुलने उतरे बालक का पैर फिसल जाने से वह पानी में समा गया। साथी हमउम्र बालकों ने गांव वालों को जानकारी दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तकरीबन दो घंटे की मशक्कत के बाद बालक का शव तालाब से बरामद कर लिया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव पचनेही निवासी मूलचंद्र आरख ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे गांव स्थित खेत में बने तालाब के पास उसका पुत्र अंकुश आरख (8) अपने गांव के हमउम्र साथी आशीष व अन्य के साथ खेलने पहुंचा था। तालाब में अंकुश पैर धुलने के लिए उतरा तो पैर फिसल जाने से वह तालाब में समा गया। साथी बालक आशीष व अन्य ने ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर ग्रामीणों व परिजन ने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तालाब में अंकुश की तलाश कराई है। तकरीबन दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को तालाब से बरामद कर लिया है। देहात कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि तालाब से शव बरामद किया गया है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।