बांदा। तेज रफ्तार बोलेरो ने वृद्ध को रौंद दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया। बोलेरो में तोड़फोड़ की और चालक को जमकर पीटा। पुलिस ने चालक को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया। जिला अस्पताल से चालक को कानपुर रिफर कर दिया गया।
सोमवार को सुबह देहात कोतवाली क्षेत्र के पचनेही गांव निवासी रामजियावन प्रजापति (70) पुत्र मैकू प्रजापति घर से पशुबाड़े जा रहा था। तिंदवारी से बांदा आ रही तेजरफ्तार बोलेरो ने उसे रौंद दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उत्तेजित ग्रामीणों ने चालक की जमकर पिटाई की। बोलेरो के शीशे और दरवाजे आदि तोड़ डाले।
सूचना पर देहात कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ आ गए। ग्रामीणों से चालक को बमुश्किल मुक्त कराया। वृद्ध और चालक को जीप से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान कुछ देर में वृद्ध की मौत हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद चालक को कानपुर रिफर कर दिया।
उधर, देहात कोतवाली प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। अगर घायल बोलेरो चालक या परिजनों की तरफ से तहरीर मिली तो ग्रामीणों के खिलाफ भी केस दर्ज किया जाएगा।