बांदा के होटल के कमरे में रखी शराब की बोतल और गिलास के फिंगर प्रिंट लेती पुलिस की फोरेंसिक टीम।
- फोटो : BANDA
बांदा। राष्ट्रीय सेमिनार में शामिल होने आए पशु वैज्ञानिक होटल में मृत मिले। वे अंडमान निकोबार स्थित एनीमल हसबेंडरी एंड फिशेज रिसर्च सेंटर के रिटायर्ड डायरेक्टर थे। कमरे में शराब की बोतल और गिलास मिले हैं। दो डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। मौत की वजह हार्टअटैक बताई जा रही है।
मूलरूप से गोरखपुर के बाशिंदे रामबहल राय (65) अंडमान निकोबार में रिसर्च सेंटर में निदेशक पद पर तैनात थे। कुछ साल पूर्व रिटायर होने के बाद बरेली स्थित इज्जत नगर में पत्नी के साथ रहने लगे थे। उनके दो बेटे हैं। दोनों विदेश में इंजीनियर हैं। वे कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित बुंदेलखंड राष्ट्रीय सेमिनार में शामिल होने आए थे। गुरुवार की रात करीब 10.30 बजे वह शहर के एसएस रेजीडेंसी होटल पहुंचे और कमरा नंबर 207 में रुके। उनके साथ कोई नहीं था।
होटल कर्मियों के मुताबिक उन्होंने रात में खाना वगैरह भी नहीं लिया। शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े 9 बजे सेमिनार में ले जाने के लिए उन्हें वाहन पर लेने आए स्थानीय कर्मचारी राजू कुमार ने कमरे के दरवाजे खटखटाए तो नहीं खुले। इस पर होटल प्रबंधक ने मास्टर चाभी से दरवाजे खोले। वे बेड के नीचे मृत पड़े मिले। कमरे में शराब की बोतल और दो गिलास रखे थे।
फोरेंसिक टीम ने उनके सामान और कमरे के अन्य स्थानों के नमूने और फिंगर निशान आदि लिए। उनके परिजनों को पुलिस ने सूचना दी। बताया गया कि बांदा शहर में रहने वाले उनके कुछ संबंधियों की मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
कमिश्नर गौरव दयाल और डीएम हीरालाल, एडीएम संतोष बहादुर सिंह, अपर एसपी एलबीके पाल, तहसीलदार अवधेश निगम तथा पुलिस फोर्स होटल पहुंच गया। शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से औपचारिकता पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
अस्पताल में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने शव पर फूल डालकर श्रद्धांजलि दी। अन्य अधिकारी भी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद प्रशासन ने उनका शव यहां के तहसील स्टाफ के साथ उनके गृह नगर बरेली भेज दिया।