बांदा। रास्ते में निकासी के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। लाठी, कुल्हाड़ी चल गई। दोनों पक्षों से 10 लोग लहुलुहान होकर जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ गिरवां थाने में तहरीर दी है।
गिरवां थाना क्षेत्र के राजाराम का पुरवा महुवा निवासी बसंता (50) ने बताया कि सोमवार की शाम पड़ोसी रामबहोरी, रामबाबू, लक्ष्मी और कालका ने उस पर हमला बोल दिया। उसे लाठियों और सिर में कुल्हाड़ी मारकर लहुलुहान कर दिया। उसे बचाने दौड़ी पुत्री सुमन (20), भाई गंगादीन (60), पत्नी चंदा (45) व पुत्र अमित (12) को लाठियों से पीट दिया।
घायल बसंता ने बताया कि रामबहोरी ने उसके घर के सामने ग्राम समाज की जमीन पर दीवार खड़ी कर ली है। जिससे उनकी निकासी नहीं हो पाती। दूसरे पक्ष से रामबहोरी (37) ने बताया कि उसका दिव्यांग भाई कमलेश हैंडपंप से पानी लेने गया था। तभी बसंता ने शराब के नशे में उसे ललकारा और लाठियों से पीट दिया। उसे बचाने रामबहोरी, भाई रामबाबू (35), लक्ष्मी प्रसाद (28), बिटोला (28) दौड़ीं तो उन्होंने उन पर भी लाठियों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।