बांदा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू में शनिवार देर रात करीब 12 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह पटेल अपने छह साथियों के साथ अस्पताल पहुंचे।
आरोप है कि डॉक्टर के ड्यूटी पर होने की जानकारी देने पर उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड महेंद्र सरदार यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए कमरे में लात-जूतों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों के सामने सीएचसी अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश सिंह पटेल से भी अभद्रता और गाली-गलौज की गई।
घटना से आक्रोशित अधीक्षक और पीड़ित गार्ड समेत करीब एक सैकड़ा स्वास्थ्य कर्मियों ने रविवार सुबह कोतवाली पहुंचकर घेराव किया और कार्रवाई की मांग की। गार्ड की तहरीर पर पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह पटेल समेत पांच-छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधीक्षक ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। उधर, सूचना पर क्षेत्रीय विधायक विशंभर सिंह यादव ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित और स्वास्थ्य कर्मियों से मुलाकात की तथा उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
वहीं, जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह पटेल ने मारपीट के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह मरीज को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे, कोई मारपीट नहीं हुई। अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की जांच से सच्चाई सामने आ सकती है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि गार्ड ने भाजपा नेता व उसके साथियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना की जांच की जा रही है।
फोटो -7- कोतवाली बबेरू में घटना की जानकारी देते सीएचसी अधीक्षक व अन्य स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
फोटो -7- कोतवाली बबेरू में घटना की जानकारी देते सीएचसी अधीक्षक व अन्य स्वास्थ्य कर्मी। संवाद