बांदा। कोतवाली देहात क्षेत्र के महोखर गांव निवासी भाजपा नेता ने अपने चाचा समेत चार लोगों पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
महोखर निवासी भाजपा नेता मंदीप तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे में अधिग्रहीत पैतृक भूमि का मुआवजा उसके पिता को मिला था। आरोप है कि तभी से उसके चाचा हरिओम तिवारी, मुकेश तिवारी और उनके साथी पांच लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। रुपये न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 15 मई की सुबह वह घर से दुकान जा रहा था।
रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने उसकी गाड़ी के आगे वाहन लगाकर रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने तमंचा निकाल लिया और गाड़ी से नीचे उतरने का दबाव बनाया। मंदीप तिवारी का कहना है कि वह जान बचाकर मौके से भागा तो आरोपियों ने पीछा करते हुए फायरिंग कर दी। हालांकि वह बाल-बाल बच गया।
पीड़ित भाजपा नेता ने घटना को लेकर सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी सीपी तिवारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।