कमासिन (बांदा)। कार की टक्कर से बाइक सवार किसान दंपती गंभीर घायल हो गए। हादसे में किसान की मौत हो गई। उसकी पत्नी को गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया है। उधर, कार में सवार महिला सिपाही समेत तीन अन्य घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। यहां महिला सिपाही को भर्ती किया गया है।
कमासिन थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी निर्मला (32) ने बताया कि वह अपने किसान पति लालमन यादव (35) के साथ बाइक से शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे धान कटाई के लिए खेत जा रहीं थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमासिन-बबेरू मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास किसान लालमन यादव ने पीछे देखे बिना नहर पटरी की तरफ बाइक को मोड़ दी। इससे पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में कार भी अनियंत्रित होकर पानी से भरी खंती में जाकर पलट गई। हादसे में किसान दंपती व कार में सवार महिला सिपाही रश्मि तिवारी (23) व उसके साथ बैठे भाई-बहन घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी निर्मला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया है। निर्मला ने बताया कि लालमन चार भइयों में तीसरे नंबर का था। तीन पुत्रियां व एक पुत्र है। लालमन खेती किसानी करते थे।
उधर, कमासिन थाना इंस्पेक्टर भास्कर मिश्र ने बताया कि महिला सिपाही रश्मि तिवारी कमासिन से कुछ दिन पूर्व अपने प्रेमी के संग गई 19 वर्षीय युवती को लेकर उसके बयान कराने बांदा न्यायालय जा रहीं थी। कार युवती के परिजनों की थी। युवती का भाई कार को चला रहा था। वह दोनों भी मामूली घायल हुए हैं। महिला कांस्टेबिल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।