नरैनी। मजदूरी कर बाइक से अपने चचेरे भाई के साथ घर जाते समय देर रात कोहरे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर चौराहे के मोड़ पर लगे डिस्प्ले बोर्ड से भिड़ गई। जिससे बाइक चालक व चचेरा भाई घायल हो गया। हादसे के दो घंटे बाद राहगीरों की मदद से एंबुलेंस द्वारा घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान बाइक चालक की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के करतल चौकी के अंतर्गत बिल्हरका के मजरे बिदुवा पुरवा गांव निवासी विशाली निषाद (18) पुत्र छंगू निषाद अपने चचेरे भाई कल्लू (20) के साथ मजदूरी करने शनिवार को सुबह आठ बजे जल जीवन मिशन की योजना में गए थे। देर रात छुट्टी होने पर घर आते समय कोहरे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर चौराहे में मोड़ के पास लगे एक डिस्प्ले बोर्ड से भिड़ गई, हादसे में दोनों बेहोश हो गए।
करीब दो घंटे बाद राहगीरों की नजर पड़ी तो उन्होंने एंबुलेंस को सूचना दी गई। तब एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान बाइक चालक विशाली की मौत हो गई। चचेरे भाई कल्लू को मामूली चोटें आई हैं। विशाली के बड़े भाई रामदेव निषाद ने बताया कि चार भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। लगभग तीन माह से चचेरे भाई के साथ जल जीवन मिशन योजना में मजदूरी कर रहा था।
जल जीवन मिशन के ठेकेदार योगेंद्र सिंह ने बताया कि मजदूरी करने रानीपुर गांव में आए थे, उनकी छुट्टी समय पर की गई है इसके बाद की जानकारी नहीं है। इंचार्ज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिववीर सिंह भदौरिया ने बताया कि डिस्प्ले बोर्ड से टकराकर मौत हुई है।