बांदा। सड़क हादसे में घायल मासूम की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, ट्रक और कार की भिड़ंत में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पैलानी डेरा गांव निवासी शिवनरेश अपनी तीन वर्षीय बीमार बेटी सोनम को इलाज के लिए गड़रिया गांव निवासी भांजे कमल के साथ बाइक में नरी गांव जा रहा था। शुक्रवार की शाम पैलानी थाना क्षेत्र अंतर्गत नरी गांव मोड़ पर लोडर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां से सोनम को हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया था। शनिवार की रात सोनम की वहीं मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उधर, शहर के कालूकुआं पुलिस चौकी के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। कार चालक विकास पुत्र उमाकांत समेत अजय पुत्र सीरज मिश्रा व मनोज पुत्र काशीराम (सभी निवासी केवटरा) और बोधी पुरवा निवासी सलामत गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। चौकी प्रभारी इंद्रजीत ने बताया कि कार सवार चिल्ला की तरफ से आए थे।