बांदा/कमासिन। वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेलमेट न लगाने से दोनों के सिर में चोटें आईं थी।
कमासिन थाना क्षेत्र के छिलोलर गांव का प्रेम सिंह (22) पुत्र धनीराम बाइक पर गांव के ही संजय (30) पुत्र गरीबदास कोटार्य को बैठाकर मंगलवार की रात जामूं गांव से वापस आ रहा था। कमासिन थाना क्षेत्र में जामूं और कमासिन के बीच किसी वाहन ने पीछे से बाइक पर टक्कर मार दी। बाइक असंतुलित होकर बिजली खंभे से जा टकराई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने प्रेमसिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल संजय का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के पिता ने बताया कि प्रेम अविवाहित था और दिल्ली में फैक्ट्री में काम करता था। दीपावली में घर आया था। तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बताया जाता है कि दुर्घटना बोलेरो से हुई है। थाने में अज्ञात चालक के विरुद्ध तहरीर दी गई है।