अतर्रा (बांदा)। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार केंद्र प्रभारी की मौत हो गई। वह यूपी कोऑपरेटिव फेडरेशन जिला कार्यालय जनपद भदोही में कार्यरत थे।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के बिसंडा रोड निवासी भैरमदीन कोटार्य ने बताया कि उनके भाई मुखराम (40) अपने मित्रों से मिलने भुजियारी पुरवा गए थे। वहां से रविवार की रात करीब आठ बजे वह बाइक से लौट रहे थे। चौरिहन पुरवा नो इंट्री के पास सामने से आए ट्रैक्टर की टक्कर से मुखराम गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की वजह ट्रैक्टर की लाइट खराब होना बताया जा रहा है।
मुखराम यूपी कोऑपरेटिव फेडरेशन जिला कार्यालय जनपद भदोही में केंद्र प्रभारी के पद पर तैनात थे। दो दिन पूर्व ही घर आए थे। उनके तीन पुत्र व एक पुत्री है। बड़े भाई भैरमदीन भाजपा नेता व अतर्रा ग्रामीण के पूर्व प्रधान हैं। देर रात नरैनी विधायक ओममणि वर्मा भी सीएचसी पहुंचीं और पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। अतर्रा कोतवाली इंस्पेक्टर ऋषिदेव सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से हादसा हुआ है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।