बांदा। ट्री-गार्ड से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जसपुरा थाना क्षेत्र के झंझरी पुरवा गांव निवासी रामदीन (28) पुत्र रामदयाल सोमवार की शाम प्रसव पीड़ा से कराह रही अपनी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराकर मंगलवार को सुबह वापस गांव जा रहा था।
जसपुरा थाना क्षेत्र के झंझरी पुरवा मोड़ के पास बाइक ट्रीगार्ड से टकरा गई। हेलमेट न लगाने से सिर पर भी चोट आई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बड़े भाई रामू ने बताया कि मृतक खेतीबाड़ी करता था। पिछले वर्ष शादी हुई थी। पत्नी के पहला बच्चा होना था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
उधर, जीआरपी पुलिस को लगभग 28 वर्षीय युवक का शव केवटरा रेलवे क्रासिंग के पास मिला। इंस्पेक्टर रामबरन सिंह ने बताया कि मालगाड़ी से कटकर मौत हुई है। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।