मटौंध थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। राजमिस्त्री शहर से मजदूरी कर देर शाम घर लौट रहा था। वह भूरागढ़ बाईपास के पास हादसे का शिकार हो गया।
मटौंध थाना क्षेत्र कंधीपुरवा निवासी 40 वर्षीय रामकिशोर शुक्रवार देर शाम शहर में काम निपटाने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में भूरागढ़ बाईपास के पास अचानक सड़क पर आई गाय से उसकी बाइक टकरा गई। तेज रफ्तार होने से वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के समय उसने हेलमेट नहीं पहना था। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शनिवार को बाइक के नंबरों के आधार पर शव की पहचान कराई और परिजनों को सूचना दी। परिवार में हादसे के बाद कोहराम मच गया। मजदूर की पत्नी सुनीता ने बताया कि परिवार में एक पुत्र व एक पुत्री हैं। वही परिवार में इकलौते कमाने वाले थे। मटौंध थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, जांच की जा रही है।