डा. गिरजा शंकर मेमोरियल अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में दूसरे दिन महिला वर्ग में भोपाल और पुरुष मुंबई की टीमें विजयी रहीं। दोनों ही मैच रोमांचक और कांटे की टक्कर के रहे।
राइफल क्लब ग्राउंड में चल रही प्रतियोगिता पहला मैच चंडीगढ़ और भोपाल की महिला टीमों के बीच हुआ। पूर्व अध्यापक रमाशंकर श्रीवास्तव ने टीमों से परिचय लेकर उद्घाटन किया।
निर्धारित समय में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इस पर पेनॉल्टी शूट हुआ। इसमें भोपाल टीम ने 4-2 के अंतर से मैच जीत लिया। इस टीम की शिवानी, जागृति, नेहा और शशि ने एक-एक गोल किए। चंडीगढ़ टीम की जान्हवी और बबिता ने एक-एक गोल किया।
दूसरे मैच में मुंबई और मुरादाबाद की पुरुष टीमें भिड़ीं। इसका उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और जूनियर वर्ल्ड कप 2016 के विजेता हरजीत सिंह व अरमान कुरैशी ने किया।
रोमांचक मुकाबले में मुंबई ने मुरादाबाद की टीम को 3-2 के अंतर से पराजित कर दिया। मुंबई के साहिल ने तीनों गोल किए। मुरादाबाद की ओर से अनवर ने दो गोल किए।
तीसरा मैच बाबू श्रीचंद्र हॉकी एकेडमी हरदोई व मौदहा टीमों के बीच हुआ। हरदोई के खिलाड़ी ऋषभ और दीपक ने तीन गोल करके मौदहा को 3-0 से हरा दिया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन सचिव वासिफ जमां खां और आयोजन समिति के मुदित शर्मा उपस्थित रहे। निर्णायकों में स्टेडियम कोच जावेद अहमद, फिरोज दाद, शादाब खां, शाहिद वली खां, शब्बीर शाह शामिल रहे।
मैच का लुत्फ लेने के लिए वरिष्ठ खिलाड़ी प्रकाश साहू, सैय्यद मुन्ने मगरबी, वीरेंद्र सिंह चंदेल, नफीस खां गावस्कर, खालिक न्याजी, अल्तमश हुसैन, जमाल उल्ला खां, नंदकिशोर, जावेद अहमद और खेलो इंडिया नार्थ जोन प्रभारी अशफाक उल्ला, फीजियोथेरेपिस्ट डा.एमडी शरीफ भी उपस्थित थे।
कमेंट्री महेश साहिल ने की। मंगलवार (4 फरवरी) को महिला वर्ग में बिहार और दिल्ली तथा पुरुष वर्ग में बांदा, इटारसी, मुंबई व चरखारी की टीमें खेलेंगी।
फोटो-03बीएनडीपी-8 : महिला हॉकी टीम से परिचय लेते पूर्व शिक्षक रमाशंकर श्रीवास्तव। साथ में डीसीए सचिव वासिफ जमां व आयोजन सदस्य मुदित शर्मा।