बांदा। शराब के नशे में घर में उत्पात मचा रहे युवक को मना करने पर उसने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंचे भाइयों ने किसी तरह दरवाजा खोलकर शव उतारा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव के शिवलोचन का पुरवा निवासी अज्जू यादव (25) ने शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे शराब के नशे में घर के कमरे का दरवाजा बंद कर साड़ी से पंखे में फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद पत्नी नेहा ने खिड़की से झांककर देखा तो परिजनों को खबर दी। परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला। बड़े भाई राजकुमार ने बताया कि अज्जू बेलदारी करता था।
शुक्रवार की रात वह नशा करके आया था। इसको लेकर पत्नी से कहासुनी हो गई। जिस पर उसने फंदा लगाकर जान दी है। दो भाइयों में छोटा था। उसके एक पुत्री दो पुत्र हैं। घटना के समय पिता विजय यादव बटाई में खेती लेकर किसानी का कार्य करते हैं। घर में मां तिजिया है। शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि नशे में घर आने पर पत्नी से कहासुनी होने के बाद फंदा लगाकर जान दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।