शहर में पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही। पुलिस की निष्क्रियता से चोरों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार की रात बीयर और किराने की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। लगभग 28 हजार रुपये और सामान ले गए।
शहर के पाश इलाके आवास विकास कालोनी स्थित श्याम मोहन धुरिया की बीयर की दुकान में बुधवार की रात चोर शटर का ताला तोड़कर गोलक में रखे 27 हजार रुपये और कई पेटी बीयर उठा ले गए। गुरुवार को सुबह सेल्समैन रामबाबू ने सिविल लाइन चौकी पुलिस को सूचना दी।
लगभग दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच की रस्म अदायगी कर वापस लौट गई। एक अन्य घटना में शहर के बलखंडी नाका पुलिस चौकी से चंद कदम दूर चोरों ने बुधवार की रात जक्कू अहमद की गुमटी का ताला तोड़कर गोलक से 700 रुपये और किराने का सामान चुरा ले गए। जक्कू ने सुबह पुलिस चौकी में सूचना दी। पुलिस दोनों घटनाओं में चोरों का सुराग नहीं लगा पाई।