बांदा। डीएम ने तिंदवारी ब्लाॅक के परिषदीय विद्यालय का निरीक्षण किया। शिक्षक बनकर बच्चों को पढ़ाया और उनकी शैक्षिक गुणवत्ता जानी। डीएम को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित थे।
डीएम नगेंद्र प्रताप सोमवार को पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय मिरगहनी पहुंच गए। विद्यालय का निरीक्षण करते हुए परिसर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य को मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। प्रार्थना सभा के दौरान सभी बच्चों को संचारी रोग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। कक्षा-तीन व चार के बच्चों से शिक्षा की गुणवत्ता का आंकलन करने के लिए हिंदी भाषा व गणित के सवाल पूछे।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अध्यापक नियमित रूप से विद्यालय आएं तथा निपुण भारत मिशन के तहत निर्धारित मानक के अनुसार बच्चों को बेहतर शिक्षा दें। बच्चों के ड्रेस में न आने पर नाराजगी जाहिर की। विद्यालय व परिसर की साफ-सफाई रखने व छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया। विद्यालय में स्मार्ट क्लास में कक्षा-सात व आठ के बच्चों को साइंस व महत्वपूर्ण विषयों की तकनीकी रूप से जानकारी दी। इस दौरान सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, बीएसए अव्यक्तराम तिवारी व बीईओ राजेश तिवारी आदि उपस्थित रहे।