फोटो - 05 दुल्हन का मेकअप करती हुईं आर्टिस्ट अर्चना। संवाद
अतर्रा। सहालग शुरू होते ही दूल्हा-दुल्हन के साथ विवाह वाले घरों में तैयारियों की हलचल बढ़ गई है। कपड़ों से लेकर मेकअप तक हर चीज में आधुनिकता की छाप दिख रही है। शादी में खूबसूरत फोटो और वीडियो की चाहत से इस बार हाई डेफिनेशन (एचडी) और एयरब्रश मेकअप की मांग पिछले वर्षों की तुलना में कई गुना बढ़ गई है।कस्बे की चूड़ी गली और तेल गली में करीब 20 ब्यूटी पार्लर हैं। यहां सुबह से रात तक ग्राहकों की आवाजाही लगी रहती है।
मेकअप आर्टिस्ट तनु सोनी के अनुसार अब हर कार्यक्रम सगाई, हल्दी, मेहंदी, बारात और विदाई के लिए अलग मेकअप स्टाइल की डिमांड है। टीवी शो और सोशल मीडिया पर चल रहे ट्रेंड का असर दुल्हनों की पसंद पर साफ दिखाई देता है। खासकर कोरियन मेकअप, ग्लॉसी बेस और मॉडर्न हेयर स्टाइल खूब पसंद किए जा रहे हैं।
इसी तरह मेकअप आर्टिस्ट अर्चना त्रिपाठी, गीता बताती हैं कि दुल्हनें अब पारंपरिक मेकअप की बजाय एचडी और एयरब्रश मेकअप चुन रही हैं, क्योंकि यह तकनीक ज्यादा टिकाऊ होती है। इससे फोटो-वीडियो में चेहरा प्राकृतिक व आकर्षक दिखाई देता है। महिमा तिवारी ने कहा अब शादी में शामिल होने से पहले ब्यूटी पार्लर जाना जरूरी सा हो गया है। प्रोफेशनल मेकअप से लुक बेहतर दिखता है और फोटो-वीडियो में भी खास निखार आ जाता है।
सजने-संवरने का खर्च अब केवल दुल्हन तक सीमित नहीं, बल्कि पूरा परिवार प्रोफेशनल मेकअप सेवाएं ले रहा है। सहालग की तेजी के साथ पार्लरों में एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और कई तारीखें पूरी तरह फुल हैं। इससे ब्यूटी पार्लर कारोबारियों के चेहरे पर रौनक नजर आ रही है।