नरैनी में नगर पंचायत में निरीक्षण करते डीएम हीरा लाल। साथ में एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव।
- फोटो : BANDA
नरैनी। निरीक्षण पर आए डीएम हीरालाल ने अव्यवस्थाओं पर कड़ा रुख अपनाया। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सहित सात कर्मचारियों को चेतावनी नोटिस और एलटी के दो सुपरवाइजरों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
शनिवार को डीएम ने सीएचसी, नगर पंचायत व ब्लाक कार्यालयों का निरीक्षण किया।
क्षेत्र पंचायत कार्यालय में छतों और कार्यालय के आसपास गंदगी पर बीडीओ को फटकारा। हफ्ते भर में सफाई व्यवस्था चौकस करने के निर्देश दिए। सीएचसी कैंपस में स्थित ब्लाक कार्यालय के कक्ष में रिटायर्ड सचिव के एक वर्ष से काबिज होने पर तत्काल कक्ष खाली कराने के निर्देश दिए। इन कक्षों के बारे में बीडीओ जानकारी नहीं दे सके। बीडीओ को निर्देश दिया कि एनआरएलएम की दुकानों का ब्योरा तत्काल उपलब्ध कराएं। बाल विकास परियोजना कार्यालय व नगर पंचायत कार्यालय में गंदगी पर कड़ा असंतोष जताया। फाइलें अस्त-व्यस्त मिलीं। डीएम ने सुपरवाइजर किरन और शांति का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश देने के साथ ही चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।
सीएचसी में इंजेक्शन विभाग का निरीक्षण किया। जानकारियों का जवाब न दे पाने पर एएनएम मीनाक्षी और सीमा का एक दिन का वेतन रोकने और चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया। लैब टेक्नीशियन कार्यालय में नामकरण रजिस्टर फटा मिलने पर लैब टेक्नीशियन का भी एक दिन का वेतन रोकने और चेतावनी के निर्देश दिए। अस्पताल में खाली पड़े एएनएम सेंटर में गंदगी पर सीएमओ को फटकार लगाई।
यहां के फार्मासिस्ट ज्ञान सिंह का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। नगर पंचायत कार्यालय में अभिलेख देखे। परिवार रजिस्टर दुरुस्त न मिलने पर ईओ को फटकार लगाते हुए एक माह में पूरा डाटा कंप्यूटर में फीड करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव, बीडीओ मनोज कुमार, अधिशासी अधिकारी अमर बहादुर सिंह, चिकित्साधिकारी डा. बीएम राजपूत, एडीओ पंचायत रमेशचंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।