बीसीएल टूर्नामेंट के फाइनल मैच में बांदा वारियर्स टीम के सिर जीत का सेहरा बंधा। उसने बांदा लायंस को 78 रनों से पराजित कर शील्ड और 51 हजार रुपये का इनाम जीता। उप विजेता टीम को 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। पीयूष गुप्ता मैन आफ द मैच और अतुल मौर्य मैन आफ द सिरीज बने।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बीसीएल टूर्नामेंट स्पोर्ट्स स्टेडियम में कई दिनों से चल रहा था। सोमवार को फाइनल मेें बांदा वारियर्स और बांदा लायंस की टीमें भिड़ीं। टास जीतकर वारियर्स टीम ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 161 बनाए। सबसे अधिक 63 रन पीयूष गुप्ता ने बनाए। उन्होंने 24 गेंदों का सामना किया। रवि कुमार ने 26 और ओम सिंह ने 23 रन बनाए। लायंस के गेंदबाज विपिन त्रिपाठी ने दो और अनिल ने एक विकेट लिया। जवाब में बांदा लायंस की टीम 17.2 ओवर में 82 रन पर सिमट गई। अनुराग मिश्रा ने 22 और अनिल सिंह ने 10 रन बनाए। वारियर्स के पीयूष गुप्ता, राहुल मौर्य और अभय शुक्ला ने दो-दो विकेट लिए।
विजेता और उप विजेता टीमों को विधायक प्रकाश द्विवेदी ने ट्राफी और ईनाम राशि के चेक देकर पुरस्कृत किया। विधायक ने खुद भी पिच पर कई गेंद खेलीं। उन्होंने क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजकों को भी सम्मानित किया। डीसीए अध्यक्ष विनोद यादव और सचिव वासिफ जमां खां ने विजेता और उप विजेता टीमों को बधाई और शाबासी दी। विधायक का स्वागत किया। अंपायर रमाकांत व इमरान खां और स्कोरर अर्पित कबीर रहे।
कमेंट्री महेश साहिल, लालबहादुर सिंह, शिव बहादुर सिंह, दिलीप कुमार सक्सेना ने की। बेस्ट बालर के लिए विपिन त्रिपाठी (9 विकेट), बेस्ट बैट्समैन के लिए अतुल मौर्य (234 रन), बेस्ट फीडर में अभिषेक यादव, इमरजिंग प्लेयर के लिए मयंक पाल को पुरस्कृत किया गया। मैच संयोजक राहुल सिंह व ललित प्रताप रहे। वरिष्ठ खिलाड़ी, विनय श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा, राममिलन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, सैय्यद मोहम्मद अहमद, अजय कुमार, कमलेश राजपूत, शारिक नियाजी, बॉबी राय, लोकेश कुमार, आकिल अहमद, रवि प्रकाश, और चंद्रमौलि भारद्वाज भी मौजूद रहे।