पैलानी (बांदा)। क्षेत्र के बांदा-हमीरपुर मार्ग के मध्य स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दो दिवसीय कार्तिक मेला चल रहा है। दूसरे दिन शनिवार को दंगल प्रतियोगिता हुई। सबसे बड़ी कुश्ती में उन्नाव के बंटू और मुंगूस के नंदू पहलवान के बीच मुकाबला हुआ। करीब 10 मिनट चली कुश्ती में बंटू ने नंदू को चित कर दिया। यह कुश्ती विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दूसरी में मिरगहनी की मीना पहलवान ने खंडवा के राजेश पहलवान को हराकर कुश्ती अपने नाम की। इस दौरान पपरेंदा के मनीष तथा मदन की कुश्ती बराबरी पर छूटी। आयोजकों ने पहलवानों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया। कुश्ती देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग शामिल हुए। (संवाद)