नरैनी। खेत से जबरन बालू निकाले जाने का विरोध करने पर किसान परिवार की चार महिला सदस्यों को बालू ठेकेदारों ने पीट कर घायल कर दिया। उनके साथ बदसलूकी भी की। पीड़ित परिवार कोतवाली के बाहर रिपोर्ट दर्ज कराने के इंतजार में बैठा रहा, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई।
कोतवाली क्षेत्र के लहुरेटा गांव की नाजरीन पुत्री रमजान बेग ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपनी बहन नसरीन के साथ खेत में पानी लगाने गई थी। वहां चार पोकलैंड मशीनों से गांव के दो लोग उसके खेत से बालू निकाल रहे थे।
हम लोगों ने विरोध किया तो बालू ठेकेदारों और उनके गुर्गों ने मारपीट कर बदसलूकी करते हुए कपड़े फाड़ दिए। बचाने दौड़े परिवार के अन्य सदस्यों परवीन व शहनाज को भी पीटा।
इंस्पेक्टर मनोज शुक्ला ने बताया कि लेखपाल द्वारा नापी गई भूमि पर ही बालू पट्टाधारक खोदाई करा रहे हैं। महिलाओं की शिकायत पर पुलिस भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।