केंद्र में खाद के लिए लाइन लगाए किसान।
- फोटो : BANDA
बांदा। खाद न मिलने से परेशान किसानों ने बुधवार को मंडी में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। आरोप है कि तीन दिन से मंडी समिति में डेरा डाले हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही है। टोकन चहेते और खास लोगों को दिए जा रहे हैं।
जिले में खाद को लेकर मारामारी है। बुवाई का पीक समय होने के कारण किसान खाद के लिए कई-कई दिनों से मंडी में स्थित खाद क्रय केंद्र में डेरा डाले हैं। मवई के किसान रामकिशुन ने बताया कि तीन दिन से वह मंडी में हैं। प्रतिदिन सुबह चार बजे से ही लाइन में नाम लिखा पत्थर रख देते हैं, जिससे उपस्थिति मानी जाए और टोकन मिल जाए।
आरोप है कि केंद्र में महज 10 से 12 टोकन ही वितरित किए जाते हैं। ज्यादातर टोकन चहेते व खास लोगों को अंदर से दे दिए जाते हैं। लाइन में खड़े किसान खाद से वंचित रह जाते हैं। मनीष का कहना है दो दिन से मंडी में खाद के लिए पड़े हैं। बुधवार को केंद्र प्रभारी ने कुछ खास लोगों को खाद वितरित की और थोडी ही देर में बोर्ड लगा दिया कि खाद खत्म हो गई है।
इससे नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। जिला कृषि अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मंडी में खाद खत्म हो गई थी। सूचना मिलने पर भेजी जा रही है। किसान बेवजह प्रदर्शन व नारेबाजी कर रहे हैं। एक साथ सभी किसानों को खाद दिया जाना संभव नहीं है, टोकन सिस्टम से खाद का वितरण किया जा रहा है।