बांदा। भरुआ सुमेरपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से महिला की कटकर मौत हो गई। पर्स में मिले आधारकार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। शव का बांदा में पोस्टमार्टम कराया गया।
हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंदौरा गांव निवासी जगभान सिंह यादव की पत्नी शकुंतला (45) मंगलवार को दोपहर कानपुर इंटरसिटी से बांदा आ रही थीं। भरुआ रेलवे स्टेशन पहुंची कि तभी ट्रेन छूट गई। चलती ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से वह पटरी में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर यहां से पहुंचे जीआरपी कर्मियों ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घरवालों को सूचना दी। मृतका के भतीजे अतुल कुमार यादव ने बताया कि चाची शकुंतला के भाई बरगहनी गांव निवासी मुन्ना यादव बाइक हादसे में घायल हो गए थे।
उन्हें देखने के लिए बांदा जा रही थीं। चाचा जगभान पहले जा चुके थे। मृतका के तीन पुत्र हैं। दो दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। तीसरा बेटा रोहित यादव गांव में रहकर पिता के साथ खेतीबाड़ी करता है।