तिंदवारी/बेंदाघाट। बारिश का पानी बुधवार को हुई बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास (महोखर अंडरपास के नजदीक) बांदा से तिंदवारी सब स्टेशन को जाने वाली 33 केवी केबल के ज्वाइंटर में भर गया। इससे फाल्ट हो गया। इससे तिंदवारी सब स्टेशन से जुड़े कस्बे सहित सिंहपुर, जौहरपुर, परसौड़ा, गोधनी, तेरहीमाफी, भुजौली, छापर, जसईपुर समेत 18 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे पेयजल की समस्या भी रहे। शुक्रवार को विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकती है।
कस्बे के इंडियन बैंक, एसबीआई और बैंक आफ बड़ौदा में ग्राहक सेवा केंद्रों की सेवाएं ठप रहीं। बेंदाघाट पूर्व प्रधान विवेक कुमार सिंह समेत शिक्षक शिवबली सिंह, मतगंजन सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, विनय वर्मा, साधु निषाद आदि ने बताया कि वर्ष 2018 में समगरा से नई लाइन डालकर जौहरपुर में नया सब स्टेशन बनाया था। घटिया सामग्री, तार और इंसुलेटर आदि लगाने से आए दिन फाल्ट होते रहते हैं। अवर अभियंता मोहित सिंह ने कहा कि गड्ढे में पानी भरे होने के कारण समय लग रहा है। तब तक के लिए पलरा विद्युत सब स्टेशन की लाइन से कस्बे की लाइन जोड़कर चलाई जाएगी। शुक्रवार तक विद्युत आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
फाल्ट से गुल हुई बिजली
चिल्ला। बारिश से हुए फाल्ट से बुधवार शाम चिल्ला सब स्टेशन के सभी फीडरों की बिजली गुल हो गई। इससे लोमर, चकला, तारा, खजूरी, दोहतरा, डिघवट, भवानीपुर, पदारथपुर गांव की बिजली ठप रही। जनसेवा केंद्रों में भी काम नहीं हो पाया। देवीदीन, शिवबली, शिवपूजन, बहोरी, कल्लू, अशोक, कुसुमा, कलावती, पान कुमारी आदि विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग की।