बांदा। इलाके में रंगबाजी का रुतबा और हनक जमाए रखने को लेकर शुक्रवार की देर रात पुलिस चौकी की नाक तले दो गुटों में मारपीट हो गई। अलग-अलग समुदायों का होने से सांप्रदायिक तनाव जैसे हालात हो गए। बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
मर्दन नाका पुलिस चौकी से चंद कदम दूर अवस्थी नाला पुल के पास रात करीब 11 बजे इसी इलाके के रहने वाले दो गुट भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई। आसपास दहशत फैल गई। चौकी से आई पुलिस दोनों को चौकी ले आई। इसी बीच दोनों पक्षों के लोग भी पुलिस चौकी के बाहर इकट्ठा हो गए।
पुलिस चौकी में ही मारपीट शुरू कर दी। इसका वीडियो भी वायरल होता रहा। कुछ हिंदू संगठन के लोग भी पहुंच गए। खबर पहुंचते ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्सह और कुछ अफसर आ गए। दोनों पक्षों को कोतवाली ले जाया गया।
प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनका 151 (शांति भंग) में चालान किया गया है। उधर, स्थानीय बाशिंदों ने बताया कि चौकी के आसपास सड़क आदि पर रोजाना देर रात तक अराजकतत्वों और शराबियों का जमावड़ा रहता है। इनमें कई चौकी पुलिस में अपना संपर्क रखते हैं।