बांदा। चेकिंग के दौरान सात सवारी बिना टिकट मिलने व यात्रियों के चेकिंग दल के साथ मारपीट करने के मामले में आरएम ने यातायात निरीक्षक समेत दो सहायकों से चेकिंग कार्य से हटा दिया है। एक को बांदा डिपो व दो को क्षेत्रीय कार्यालय संबद्ध किया है। इससे पहले बस चालक और परिचालक पर भी कार्रवाई हो चुकी है।
शुक्रवार की रात राठ डिपो की बस लखनऊ से राठ आ रही थी। हमीरपुर के छानी गांव के पास मंडलीय चेकिंग दल के यातायात निरीक्षक प्यारेलाल व सहायक संतोष कुमार, सुनील कुमार ने बस को रोककर चेक किया। बस में सात सवारी बिना टिकट मिलने पर कागजी खानापूरी की गई। इधर, करीब 30 मिनट तक बस के खड़े रहने से नाराज यात्रियों ने यातायात निरीक्षकों के साथ मारपीट की थी। वीडियो वायरल होने के बाद राजीव कुमार शर्मा क्षेत्रीय प्रबंधक चित्रकूटधाम मंडल ने संविदा ड्राइवर नजाकतउल्ला व संविदा कंडक्टर रमाशंकर राजपूत को अग्रिम आदेशों तक के लिए रूटआफ कर दिया था। अब उन्होंने मंडलीय चेकिंग दस्ते में लगे यातायात निरीक्षक सहित दो सहायक यातायात निरीक्षकों को चेकिंग कार्य से हटा दिया है।
यातायात निरीक्षक प्यारेलाल चौरसिया को बांदा डिपो से संबद्ध करते हुए केंद्र प्रभारी का दायित्व दिया है। सहायक यातायात निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, संतोष कुमार को क्षेत्रीय कार्यालय संबद्ध किया है।